Pages

Tuesday 1 March 2016

संगीत की परिभाषा को शब्दों में नहीं बांधा जा सकता : बालकिशन

फोटो समाचार
संगीत की परिभाषा को शब्दों में नहीं बांधा जा सकता : बालकिशन
बीपीडब्ल्यू को बताए मंच संचालन के गुर, सरकार की योजनाओं का लोकगीतों से पहुंचाया जा सकता है आमजन तक, अम्बाला मंडल की कार्यशाला आज होगी सम्पन्न

कुरुक्षेत्र 25 फरवरी - हरियाणा प्रदेश के प्रसिद्ध लोक कलाकार बालकिशन जुआ ने कहा कि संगीत की परिभाषा को शब्दों में नहीं बांधा जा सकता। संगीत को परमात्मा के रूप में देखा जा सकता है। जिस प्रकार परमात्मा का केवल मन से ही महसूस किया जा सकता है, ठीक उसी तरह संगीत को भी मन से महसूस किया जा सकता है। 
वे वीरवार को दोपहर बाद के सत्र में मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर में अम्बाला मंडल की चार दिवसीय कार्यशाला के तीसरे दिन मुख्य वक्ता के रूप में बोल रहे थे। इससे पहले सुबह के सत्र में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय संगीत विभाग के सहायक प्रोफेसर डा. अशोक शर्मा ने नई धुन बनाने और रागों का लोकगीतों में किस प्रकार प्रयोग किया जा सकता है और लोकगीतों के माध्यम से प्रभावी तरीके से सरकार की योजनाओं को किस प्रकार आमजन तक पहुंचाया जा सकता है, के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा डा. अशोक शर्मा ने शास्त्रीय संगीत और लोक संगीत के इतिहास और महत्व पर विस्तृत प्रकाश डालकर गज़ल व गीतों के माध्यम से लोक कलाकारों को प्रैक्टिकल करवाया। 
लोक कलाकार बालकिशन जुआ ने दोपहर सत्र में लोक कलाकारों को रागनी, भजन, गज़ल गाकर राष्ट्रव्यापी बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और स्वच्छ भारत अभियान को गीतों के माध्यम से किस प्रकार लोगों तक पहुंचाया जा सकता है और गीतों में पूरी संवेदना भरकर किस प्रकार लोगों को गीतों के साथ जोड़ा जा सकता है, पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम लोक कलाकारों को अपने साज, वाद्य यंत्रों को परमात्मा की तरह पूजना चाहिए। अगर कलाकार वाद्य यंत्रों की ही कद्र नहीं करेगा तो वे अपने मुकाम और उद्देश्य में भी सफल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने सुर, लय और उच्चारण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगीत में ही परमात्मा निहित है। भगवान श्रीकृष्ण ने बांसुरी का प्रयोग कर पूरे समाज को अपने इस वाद्य यंत्र का दिवाना बनाया। संगीत सदियों से भारत की भूमि से जुड़ा हुआ है लेकिन जमाने के बदलने के साथ लोकगीत, संगीत का स्वरूप भी बदला है। लोक कलाकारों को परम्परागत लोक गीतों के साथ कुछ नयापन भी जोडऩे की जरुरत है। 
कार्यशाला में सायं के सत्र में सेवानिवृत जिला सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी देवराज सिरोहीवाल ने लोक कलाकारों को मंच संचालन के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय पर्वो, वीआईपी, वीवीआईपी के मंच का संचालन किस प्रकार करना है और इन मंचों पर लोक कलाकारों को किस प्रकार अपने हाव-भाव, वेशभुषा पर ध्यान देना है। उन्होंने बताया कि मंच संचालन से पहले लोक कलाकारों को पूरी तैयारी करनी होगी और सम्बंधित कार्यक्रम के बारे में पूरी जानकारी हासिल करनी होगी। इसके अलावा आपात स्थिति में भी लोक कलाकार किस प्रकार प्रभावी तरीके से मंच का संचालन करे, इस विषय पर भी विस्तृत प्रकाश डाला गया। इस मौके पर जिला सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी सुनील कुमार, सहायक सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी डा. नरेंद्र सिंह, सहायक सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी व लोक कलाकार उपस्थित थे। 

मुख्यमंत्री की लाडवा रैली स्थगित

कुरुक्षेत्र 25 फरवरी - लाडवा के विधायक डा. पवन सैनी ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की 28 फरवरी को लाडवा में होने वाली जनसभा को स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने आज यहां जारी एक विज्ञप्ति में कहा है कि हरियाणा प्रदेश के माहौल को देखते हुए मुख्यमंत्री की 28 फरवरी को लाडवा में होने वाली जनसभा को स्थगित किया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा शीघ्र ही लाडवा हल्का की जनसभा की नई तिथि दी जाएगी।


राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 26 को

कुरुक्षेत्र 25 फरवरी - कुरुक्षेत्र पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र में 26 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर हमारा रहस्यमय ब्रहमांड चुनौतियां व उपलब्धियां विषय पर एक व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए पैनोरमा विज्ञान केंद्र के प्रभारी राज महरौत्रा ने बताया कि पैनोरमा में 26 फरवरी को सुबह 10 बजे राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के विज्ञान एवं तकनीकी विषय के भूतपूर्व विशेष कार्य अधिकारी डा. ओमप्रकाश पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान चित्रकला, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता व पुरस्कार वितरण का आयोजन किया जाएगा। 

एसडीएम 29 को लेंगे अधिकारियों की बैठक

पिहोवा 25 फरवरी - एसडीएम नरेंद्र पाल सिंह 29 फरवरी को सायं 3 बजे किसान विश्रामगृह में हल्का में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा व कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की बैठक लेंगे। उन्होंने कहा कि उपमंडल के सभी अधिकारी 29 फरवरी को सायं 3 बजे होने वाली इस बैठक में समय पर पहुंचना सुनिश्वित करें। सभी अधिकारी यह भी सुनिश्चित करेंगे कि अपने-अपने विभाग की योजनाओं, विकास कार्यों की अपटूडेट रिपोर्ट भी साथ लेकर आएंगे।

No comments:

Post a Comment